ग्वालियर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मध्यभारत प्रांत का चार दिवसीय प्रांतीय स्वर साधक संगम (घोष शिविर ) का आयोजन 25 नवंबर से सरस्वती शिशु मंदिर केदारधाम परिसर शिवपुरी लिंक रोड, ग्वालियर पर किया जाएगा। जिसमें आकर्षण का केन्द्र यहां पर लगने वाली ऐतिहासिक घोष प्रदर्शनी रहेगी। प्रदर्शनी का शुभारंभ 25 नवंबर को सुबह 10.30 बजे मध्य भारत प्रांत के संघचालक अशोक पांडे करेंगे।
ग्वालियर विभाग संघचालक विजय गुप्ता ने बताया कि इस प्रदर्शनी में चार श्रेणियां होंगी, जिसमें परम्परागत एवं प्राचीन वाद्य यंत्रों का प्रत्यक्ष रूप से प्रदर्शन होगा। इस ऐतिहासिक प्रदर्शनी में घोष की इतिहास यात्रा को एलईडी के माध्यम से डिजिटल प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शनी में भारत के संगीत के इतिहास में वादकों एवं गायकों का योगदान तथा उनके जीवन परिचय तथा परम्परागत एवं दुर्लभ वाद्य यंत्रों का 40 स्लाइड में चित्रमय प्रदर्शन होगा। यह प्रदर्शनी 25 से 28 नवंबर तक चलेगी, जो आमजन के लिए खुली रहेगी। उन्होंने बताया कि उक्त प्रदर्शनी के इतिहास के बारे में बताने के लिए स्वयंसेवकों व विषेषज्ञों की टोली यहां पर पूरे समय मौजूद रहेगी।