विकास के लिए समाज में शांति सद्भाव जरुरी-श्रीमती पटेल
भोपाल : राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने कहा है कि समाज में शांति सद्भाव और भाई-चारे के वातावरण को मजबूत रखने से ही विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि पुलिस असामाजिक तत्व एवं राष्ट्र द्रोही ताकतों का पूरी कठोरता के साथ दमन करें। यह भी सुनिश्चित करें कि आमजन स्वयं को सुरक्षित महसूस करें। कभी किसी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं हो। श्रीमती पटेल आज लाल परेड मैदान स्थित शहीद स्मारक प्रांगण में पुलिस स्मृति दिवस आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। उन्होंने देश और प्रदेश के सभी शहीद पुलिस अधिकारियों और जवानों को श्रद्धांजलि दी। शहीदों के परिजनों को भरोसा दिलाया कि मध्यप्रदेश सरकार पुलिस प्रशासन और संपूर्ण प्रशासन उनके साथ है। कार्यक्रम में गृह मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा, मुख्य सचिव  इकबाल सिंह बेस, अपर मुख्य सचिव गृह डा. राजेश राजौरा भी मौजूद थे।


राज्यपाल श्रीमती पटेल ने पुलिस बल का आव्हान किया कि अपने अमर शहीद साथियों की शहादत से प्रेरणा लेकर अपने कर्त्तव्यों का पालन करें। पुलिस समाज का अभिन्न अंग है। उसकी सक्रिय भागीदारी के साथ ही विकास की सोच फलीभूत हो सकती है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था की स्थिति को सुदृढ़ बनाये रखने के लिये प्रदेश पुलिस द्वारा सराहनीय प्रयास किये जा रहे हैं। इन प्रयासों को और बेहतरी के साथ जारी रखना होगा। अपराधों की त्वरित विवेचना और अपराधियों को सजा दिलाने में वृद्धि प्रदेश पुलिस की सक्रियता से ही संभव हुई है। यह गर्व की बात है कि मध्यप्रदेश पुलिस की गणना देश के श्रेष्ठ बलों में की जाती है, जो पहचान पुलिस के जांबाज जवानों ने स्थापित की है उसे और अधिक निखारने की दिशा में सदैव तत्पर रहें।
श्रीमती पटेल ने कहा कि प्रदेश के नवाचार डायल-100 को देश के विभिन्न राज्यों ने अपनाया है। राज्य में एफआईआर आपके द्वारा पायलेट प्रोजेक्ट शुरू करना, ऑनलाईन चरित्र सत्यापन की सुविधा जनसामान्य के लिये उपलब्ध कराना सराहनीय है। उन्होंने हाल ही में मध्यप्रदेश पुलिस की हॉक फोर्स ने बालाघाट जिले में आठ लाख रूपये के इनामी नक्सली बादल को गिरफ्तार करने में सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस ने दस्यु समस्या के निदान के साथ-साथ नक्सलियों के खात्मे की दिशा में उल्लेखनीय काम किया है। कोरोना संक्रमण की इस वैश्विक महामारी में प्रदेश की पुलिस ने सराहनीय कार्य किया है। वर्तमान सरकार ने पुलिस बल में वृद्धि के साथ ही उन्हें आधुनिकतम हथियारों और उपकरणों से लेस करने के निर्णय लिये हैं। इन प्रयासों को आगे भी जारी रखने की जरूरत है।