ग्वालियर : स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्टों का लाभ आम जनों को जल्द से जल्द मिले, इसके लिये प्रोजेक्ट में किए जा रहे कार्यों को गति प्रदान की जाए। ग्वालियर का ऐतिहासिक टाउन हॉल शीघ्र लोकार्पित हो, इसके लिये शेष बचे कार्य पूर्ण किए जाएं। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने गुरूवार को स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत महाराज बाड़े पर टाउन हॉल के जीर्णोद्धार, प्लेनेटोरियम एवं डिजिटल वर्चुअल म्यूजियम तथा डिजिटल लाइब्रेरी के निर्माण के लिये किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया।
कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने कहा कि स्मार्ट सिटी परियोजना के माध्यम से शहर के विकास के लिये महत्वपूर्ण परियोजनायें हाथ में ली गई हैं। इन परियोजना के पूर्ण होने से शहरवासियों को आधुनिक सुविधायें भी उपलब्ध होंगीं। परियोजना का काम तत्परता से पूर्ण कर आम जनों के लिये लोकार्पित की जाना चाहिए। ग्वालियर का ऐतिहासिक टाउन हॉल अपने आप में एक विरासत है। इसके जीर्णोद्धार के लिये परियोजना में जो कार्य किए जा रहे हैं उसे तत्काल पूर्ण किया जाए, ताकि टाउन हॉल में आयोजन प्रारंभ हो सके।
कलेक्टर सिंह ने कहा कि गोरखी स्कूल प्रांगण में निर्मित किए जा रहे प्लेनेटोरियम एवं डिजिटल वर्चुअल मयूजियम का कार्य भी तेजी के साथ किया जाए। इसके पूर्ण होने से शहरवासियों को एक नई सौगात मिलेगी। इसके साथ ही सेंट्रल लाइब्रेरी को डिजिटल लाइब्रेरी के रूप में विकसित करने का जो महत्वपूर्ण कार्य हाथ में लिया गया है उसमें भी गति लाई जाए।
स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत किए जा रहे कार्यों के संबंध में सीईओ स्मार्ट सिटी जयति सिंह ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत हाथ में लिए गए कार्यों को गति प्रदान की गई है। लॉकडाउन के कारण परियोजना के कार्यों में अवरोध हुआ था, जिसे दूर करते हुए पुन: कार्य तेजी से प्रारंभ किए गए हैं। आने वाले दिनों में परियोजना का लाभ आम जनों को मिलेगा और शहर को बेहतर सुविधायें भी उपलब्ध होंगीं।
कलेक्टर ने स्मार्ट सिटी परियोजना का किया निरीक्षण